नशेड़ियों ने कोतवाली में किया हंगामा, इंस्पेक्टर से भिड़े
पूरामुफ्ती का मामला, पुलिस ने नौ के खिलाफ मेडिकल कराकर की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली में रविवार रात नशेड़ी युवकों ने हंगामा किया। समझाने पहुंचे इंस्पेक्टर से भी वह भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने सभी को लॉकअप में डाल दिया। सुबह आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पूरामुुफ्ती पुलिस के मुताबिक इलाके के गौसपुर गांव का राजेश कुमार पुत्र श्यामलाल रविवार रात नशे में धुत होकर साथियों संग कोतवाली गेट पर हंगामा कर रहा था। उसके साथी भी टल्ली थे। सिपाहियों ने फटकारते हुए नशेड़ियों से जाने के लिए कहा तो वह कोतवाली के भीतर घुस गए और अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। शोर-शराबा सुनकर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह आवास से निकल आए। उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया तो वो बहस करने लगे। इसके बाद इंस्पेक्टर ने सभी को लॉकअप में डलवा दिया। रात को ही सभी का मेडिकल कराया गया। सुबह आरोपी राजेश कुमार उसके साथी सचिन कुमार, अमित कुमार, सुमित कुमार, शिवराम, शनि, सुभाष, अमित व नीरज आदि के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।