सरायअकिल कोतवाली के जरैनी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह घर के अंदर एक युवक का फांसी पर लटकता हुआ शव मिला। बताया जा रहा है कि बीमारी से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद परिजनों की मांग पर बगैर पोस्टमार्टम कराए ही शव उनके सुपुर्द कर दिया। दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
जरैनी गांव निवासी रामऔतार यादव किसान हैं। रामऔतार ने बताया कि उनका 26 वर्षीय बेटा सुशील यादव पुणे शहर में रहकर फल की दुकान चलाता था। लेकिन कुछ महीनों से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने के कारण वह गांव में ही रह रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात सुशील कमरे में छत के चुल्ले के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर लटक गया। बृहस्पतिवार सुबह देर तक नहीं उठने पर घरवालों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। आननफानन घरवालों ने उसे रस्सी काटकर सुशील को नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।