कस्बे के वार्ड न. 11 में रहने वाले एक युवक ने पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मामला हरियाणा के कलानौर की है। 40 वर्षीय नरसिंह पुत्र बलदेव का शव रविवार दोपहर को उसके कमरे में पंखे पर लटका मिला।
मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में रोहतक के सेक्टर 4 स्थित क्राइम ब्रांच एक हेड कांस्टेबल का मोबाइल नंबर और नाम लिखा हुआ है। सुसाइड नोट में मृतक ने पुलिसकर्मी से निवेदन किया है कि वह निर्दोष है। उसकी कोई गलती नही है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त पुलिसकर्मी कई दिन से नरसिंह को एक मामले में आरोपी बनाकर पूछताछ कर रहा था।
सोमवार को भी उसने नरसिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था। मृतक के भाई कालू ने पुलिस को दिए ब्यान में बताया कि मृतक नरसिंह ने फांसी लगाने से पहले भी उक्त पुलिसकर्मी के पास ही कॉल की हुई है। इससे साफ जाहिर होता है कि पुलिसकर्मी उसे किसी मामले में बेवजह फंसाने की कोशिश कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या करने को मजबूर होना पड़ा। महम डीएसपी और कलानौर पुलिस मौके पर पंहुची और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंसर पीड़ित पत्नी से मांगी माफी
सुसाइड नोट में नरसिंह ने लिखा है कि वह अपनी पत्नी केला देवी और बच्चों से माफी मांगता है। उसने लिखा है कि वह अपनी पत्नी का ताउम्र साथ नहीं निभा पाया। साथ ही भगवान से प्रार्थना की है कि अगले जन्म में भी केला देवी ही उसकी पत्नी हो। खेती-बाड़ी करने वाले नरसिंह के दो बेटे हैं। उसकी पत्नी केला देवी कैंसर पीड़ित है। नरसिंह किसी तरह जमीन बटाई पर लेकर गुजर-बसर करता था।