ट्रैक्टर से दबकर हुई युवक की मौत के बाद रोते-विलखते परिजन।
- फोटो : amar ujala
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के गोराजू बाजार के समीप गुरुवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठा एक युवक झटका लगने से नीचे गिर पड़ा। ट्रैक्टर का पिछला पहिया युवक को रौंदते हुए निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी मौसेरी बहन की शादी के लिए टेंट का सामान ट्रैक्टर पर लदवाकर बाकरगंज गांव जा रहा था। हादसे से परिजनों में हाहाकार मचा है।
इलाहाबाद के निवासी अमन प्रजापति (22) पुत्र दिलीप प्रजापति परिवार समेत अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने बाकरगंज गांव आया था। अमन की मैसेरी बहन की गुरुवार को बारात आनी है। शादी समारोह के लिए टेंट का सामान लेने वह ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गुरुवार की सुबह गोराजू आया।
सामान लदवाने के बाद वह ट्राली में ही बैठकर वापस बाकरगंज जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर बाजार से बाहर निकला अचानक मोड़ पर झटका लगने से वह ट्राली से नीचे गिर गया। अमन के ऊपर पिछला पहिया चढ़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर चालक ने अमन के मौसा नर्वदा प्रसाद प्रजापति को दी तो हाहाकार मच गया। मां गीता देवी, बहन अंजली, छोटा भाई आशीष भागकर मौके पर पहुंचे। शव देख वे दहाड़ें मारकर रोने लगे।
घटना की जानकारी होने पर रिश्तेदार भी भागकर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पश्चिमशरीरा थाने की पुलिस ने पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से शादी वाले घर में मातम मचा है। शादी की तैयारियां फीकी हो गई हैं। परिजनों ने फैसला लिया है कि अब शादी की केवल रस्में निभाई जाएंगी।