मंझनपुर। पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार की देर शाम अलवारा गांव में युवकों ने पड़ोसी के घर घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने विवाहिता को पीटकर लहूलुहान कर दिया। साथ ही उसके पहने गहने भी छीन ले गए। चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल महिला को घरवालों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अलवारा गांव की रहने वाली आरती देवी पत्नी राम सुंदर ने बताया कि पड़ोसी से जमीन कब्जे को लेकर उसके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि मंगलवार की शाम इसी अदावत को लेकर पड़ोसी ने अपनी साथियों के साथ उसके घर पर हमला कर दिया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ की। इसका विरोध करने पर हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पीटने कर दी। आरोप है कि पीटकर उसे लहूलुहान करने के साथ ही हमलावर उसके पहने गहने भी छीन ले गए। उधर, महिला की चीख-पुकार सुनकर गांववाले दौड़े।
ग्रामीणों को आता देख हमलावर महिला को धमकी देते हुए भाग निकले। हमलावरों की पिटाई के बाद खून से लथपथ विवाहिता को लेकर परिवार के लोग महेवाघाट कोतवाली पहुंचे और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। घायल महिला की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट और लूटपाट की घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है।