कौशाम्बी। शातिर बदमाशों ने चरवा कोतवाली इलाके से होकर गुजरी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की पाइप लाइन से ही तेल चोरी कर लिया। अंडरग्राउंउ पाइप लाइन खोदकर वे कई दिनों से तेल चोरी कर रहे थे। उधर तेल आपूर्ति प्रेशर में कमी होने पर हुई जांच में सच्चाई सामने आई तो अफसरों के साथ ही पुलिस के भी होश उड़ गए। आईओसी उपप्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उधर रविवार को आईओसी अफसरों के अलावा एसपी रतनकांत पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन की ओर से बरौनी से कानपुर, फतेहपुर, कौशाम्बी होते हुए इलाहाबाद तक एक पाइप लाइन खींची गई है। इसके जरिए विभिन्न जगहों पर पेट्रो ऑयल की आपूर्ति की जाती है। पाइप अंडरग्राउंड है और कभी गड़बड़ी होने की दशा में इसे दुरुस्त करने के लिए ही जगह-जगह टोटियां भी लगाई गई हैं। कारपोरेशन अफसरों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से तेल आपूर्ति के प्रेशर में कमी महसूस की जा रही थी। ऐसे में जांच के लिए अफसरों की ओर से सुरक्षाकर्मियों को जांच के लिए भेजा गया। जांच-पड़ताल के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने पाया कि चरवा कोतवाली क्षेत्र के पूरे अयोध्या गांव निवासी भारत लाल पुत्र दर्शनलाल के खेत के समीप पाइप लाइन के ऊपर की जमीन खोदी गई थी।
सुरक्षाकर्मियों की मानें तो तेल चोरी करने के लिए ही जमीन की खुदाई की गई। उन्होंने मामले की जानकारी विभागीय अफसरों को दी। सुरक्षाकर्मी अर्जुन सिंह ने बताया कि पाइप लाइन से तेल चोरी करना आम लोगों के वश की बात नहीं। ये काम किसी शातिर गिरोह का हो सकता है। विभागीय तकनीक के जानकारों की सांठ-गांठ भी संभव है। मामले की जानकारी होने पर रविवार को एसपी रतनकांत पांडेय, सीओ चायल आलोक कुमार के साथ आईओसी के अफसर भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद आईओसी के उप प्रबंधक सिद्धार्थ अवस्थी ने चरवा कोतवाली में पाइप लाइन से तेल चोरी होने की तहरीर दी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।