मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली के जजौली गांव में दरोगा री पिटाई और सर्विस पिस्टल लूट के आरोपी युवक को शुक्रवार की रात पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने सर्विस पिस्टल बरामद करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
बता दें कि वासंतिक नवरात्र की नवमी तिथि यानि 28 मार्च को पश्चिमशरीरा कोतवाली के जजौली गांव का रहने वाला रामबाबू ने देवीपूजा के बाद अग्नि स्नान करने का ऐलान किया था। इसकी भनक लगते ही पश्चिमशरीरा कोतवाली के दरोगा नयन सिंह, मोहम्मद यासीन दो सिपाहियों को साथ लेकर घटना स्थल पहुंचे।
इस दौरान मौजूद साधु के शिष्य हंगामा करते हुए पुलिस से भिड़ गए। कहासुनी के दौरान उपद्रवियों ने नयन सिंह को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। साथी दरोगा को पिटता देख साथ रहे पुलिस कर्मी जान बचाकर मौके से भाग निकले। उधर, दरोगा नयन सिंह को पीटकर घायल करने के बाद हमलावर युवकों ने उनकी सर्विस पिस्टल भी लूट ली थी। इस मामले में पुलिस ने साधु रामबाबू समेत 25 नामजद और 200 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। उधर, दरोगा की लूटी गई सर्विस पिस्टल की तलाश में पुलिस जुटी रही।
एसओ ने बताया कि शुक्रवार की रात मुखबिर से सूचना लगी कि कथित साधु का एक शिष्य मुरारी जजौली गांव में मौजूद है। इसी के पास दरोगा की लूटी गई सर्विस पिस्टल भी है। इस सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने मुरारी को जजौली गेट के समीप से धर दबोचा। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर घर में छिपाकर रखी गई दरोगा की पिस्टल भी बरामद कर ली है। पिस्टल बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है।