बेटी के घर गौसपुर कटहुला गांव गए फकीरे (50) को बृहस्पतिवार की रात रिश्तेदार ने पीट-पीट कर मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर बहन की ननद और ननदोई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुरामुफती कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी फकीरे लाल (50) पुत्र बैजनाथ बृहस्पतिवार को ईंट भट्ठे में रह रही बेटी कुसुम से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि वहीं पर कुसुम की ननद सरला देवी पत्नी हरिश्चंद्र भी रहती है। रात में सरला ने कुसुम और उसके पिता फकीरे को भी खाने पर बुला लिया।
भोजन से पहले शराब का दौर शुरू हुआ। मृतक की बेटी कुसुम की मानें तो शराब के नशे में होने के बाद फकीरे और हरिश्चंद्र के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई। इस पर सरला ने पति के साथ मिलकर उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। देर रात वृद्ध के मौत की खबर परिजनों को मिली तो वे रोते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद मृतक के बेटे कल्लू की तहरीर पर सरला देवी और उसके पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस सरला को हिरासत में लेते हुए फरार हरिश्चंद्र की तलाश में जुटी है। वृद्ध की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। सीओ चायल अलोक मिश्र ने बताया कि शराब के नशे में वारदात हुई है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।