मंझनपुर कोतवाली के सेलरहा पूरब गांव में बृहस्पतिवार की रात घर के बाहर सो रहे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पति के बिस्तर से खून टपकते देख पास में सो रही पत्नी चीख पड़ी। वृद्धा की चीख सुनकर परिवार के साथ ही गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सीओ और मंझनपुर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वृद्ध की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सेलरहा पूरब गांव निवासी गुरूप्रसाद (65) पुत्र बजरंग सिंह की बीती रात हत्या कर दी गई। भोजन के बाद वह घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। कुछ दूूर पर उसकी वृद्ध पत्नी भी सोई थी। रात में सोते समय किसी ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी प्रेमा देवी की मानें तो रात करीब साढे़ बारह बजे कुछ लोगों के पास से गुजरने की आहट मिली। इस पर उसने पति को आवाज देते हुए टार्च की रोशनी डालकर जगाने का प्रयास किया। मगर पति की चारपाई से टपक रहे खून पर जब उसकी नजर पड़ी तो चीख पड़ी।
शोर मचाकर वह लोगों को पुकारने लगी। उसकी चीख पुकार सुन परिवार के साथ गांव के भी लोग मौके पर पहुंचे। वृद्ध की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय, सीओ पुर्णेन्दु सिंह, एसओ मंझनपुर राजेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। खोजी कुत्ते के साथ फील्ड यूनिट के कर्मियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वृद्ध की हत्या किसने और क्यों की इस बाबत परिजन पूरी तरह से खामोशी अख्तियार किए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के बेटे की तहरीर पर अज्ञात कातिलों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। वृद्ध की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की तहकीकात कराई जा रही है। पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।