Chakkajam demanding action against the accused of rape
- फोटो : KAUSHAMBI
दुष्कर्म के आरोपी और उसके मददगारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को उन्होंने बेनीराम कटरा में बांस-बल्ली रखकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
इलाके के एक गांव की युवती का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। आरोप है कि युवक दो सालों से शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उसे अपने भाई की मदद से दिल्ली भगा ले गया।
वहां उसे 40 हजार रुपये में बेचने का प्रयास किया। दो दिन पहले किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची युवती ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी प्रेमी व उसके भाई के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करना तो दूर उसकी शिकायत पर केस तक दर्ज नहीं किया।
इससे नाराज युवती के घरवालों ने ग्रामीणों के साथ बेनीराम कटरा तिराहे पर जाम लगा दिया। इस कारण सरायअकिल, मंझनपुर और प्रयागराज मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इसकी जानकारी पर इंस्पेक्टर सरायअकिल अनुपम शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना दिल्ली की है। इस वजह से केस वहीं पर दर्ज किया जाना चाहिए। बेवजह का दबाव बनाने के लिए जाम लगाना उचित नहीं हैं।
इंस्पेक्टर के पास नहीं था जवाब
पीड़िता के अनुसार गांव का युवक शादी का झांसा देकर दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। यानि घटना सरायअकिल कोतवाली इलाके में ही हुई। युवती को बेचने का मामला ही सिर्फ दिल्ली में हुआ था। ऐसे में दुष्कर्म का मामला सरायअकिल कोतवाली में दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल व कोर्ट में बयान कराया जाना चाहिए था। लेकिन पुलिस ने ऐसा कुछ नहीं किया। इस बाबत जब इंस्पेक्टर से सवाल किया गया तो वह पल्ला झाड़कर निकल गए।