कड़ाधाम कोतवाली के घड़ियालीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का फंदे पर लटका शव मिला। लाश उसके मौसी के गांव के समीप बैर के पेड़ से लटक रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसके पास से एक सुसाइड लेटर मिला। जिसमें उसने अपनी प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय हो जाने की बात कहते हुए जाने देने की बात लिखी है। पुलिस की सूचना पर पहुंचेे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने किसी तरह शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तरफ से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष कोतवाली के काजीपुर प्रेम नगर निवासी कमलेश सरोज (28) अविवाहित था। उसकी मौसी कड़ा धाम कोतवाली के घड़ियालीपुर में ब्याही हैं। बुधवार शाम कमलेश अजुहा में रिश्तेदार के यहां आयोजित एक भोज में शामिल होने की बात कहकर निकला था। इसके बाद सुबह घड़ियालीपुर गांव के बाहर बेर के पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। चर्चा रही कि कमलेश इसी गांव में एक लड़की से प्रेम करता था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन दोनों के परिवार वालों को रिश्ता पसंद नहीं था। इस पर लड़की के घरवालों ने एक जगह रिश्ता देखकर लड़की की सगाई कर दी। इसके बाद से फोन पर भी कमलेश की युवती से बात नहीं होती थी। इस पर युगल काफी परेशान रहने लगे। बृहस्पतिवार सुबह कमलेश के शव के समीप जो सुसाइड लेटर मिला है उसमें भी इन्हीं बातों का जिक्र किया गया है।
इनका कहना है
युवक के घरवालों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। मृतक के पास से एक सुसाइड लेटर मिला है। जिसमें प्यार में धोखा मिलने पर खुदकुशी करने की बात कही गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लेटर का भी फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से मिलान कराया जाएगा। जांच के बाद जो भी सच्चाई सामने आएगी। इसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह, सीओ सिराथू