सीबीएससी बोर्ड के नतीजों से नाराज रसूलाबाद उर्फ कोइलहा स्थित एमवीआईटी कॉलेज के छात्रों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कालेज प्रबंधन पर रिजल्ट तैयार करने में मनमानी का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कॉलेज में बवाल होने की खबर पाकर पहुंची चरवा पुलिस के समझाने पर छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
विज्ञापन
चायल के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव स्थित एमवीआईटी कॉलेज में पढ़ने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र अभिषेक धूरिया, अनुज कुमार, सुभाष चंद्र पाल, सूर्यांश कुमार, रवि यादव, प्रियंका पटेल, आकांक्षा पटेल, अनुज त्रिपाठी आदि ने बताया कि पिछले दिनों जारी हुए सीबीएसई बोर्ड के नतीजों में कॉलेज प्रबंधतंत्र ने उनके साथ सौतेला व्यवहार किया है। आरोप लगाया कि कॉलेज के अध्यापकों ने अपने चहेते छात्रों से पैसे लेकर उन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षाओं के दोनों अंक जोड़कर नंबर दिए हैं।
जबकि जिन छात्रों ने पैसे नहीं दिए, उन्हें रिजल्ट में कम नंबर दिए गए हैं।
अब जब इस विषय मे कॉलेज के अध्यपाकों से बात की जाती है तो कोई उनकी शिकायत सुनने के लिए तैयार नहीं होता। इसे लेकर शुक्रवार को लामबंद हुए छात्रों ने कॉलेज पहुंच कर अध्यापकों का घेराव किया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर नाराज छात्रों ने कॉलेज गेट के बाहर जीटी रोड जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बवाल की सूचना पर पहुंची चरवा कोतवाली पुलिस ने नाराज छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। प्रदर्शन के दौरान करीब 15 मिनट तक जीटी रोड पर आवागमन बाधित रहा।