11 सीएससी सेंटरों पर मिलेगी आधार संशोधन की सभी सेवाएं
नेवादा, कौशाम्बी और मूरतगंज ब्लॉक के एक भी सीएससी सेंटर को नहीं मिली यह सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। आधार कार्ड में संशोधन के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। डाटा संशोधन का कार्य अब कॉमन सर्विस सेंटर पर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इस सुविधा से लाभ मिल सकेगा। अब ऐसे लोगों के आधार कार्ड भी अपडेट हो सकेंगे।
जिला सीएससी प्रबंधक सर्वेश कुमार का कहना है कि आधार संशोधन के लिए सरकारी कार्यालयों में लगने वाली लंबी लाइनें और महीनों की आगे की मिलने वाली तारीख ने लोगों की समस्याओं को और बढ़ा दिया था। इन्हीं दिक्कतों को देखते हुए कॉमन सर्विस सेंटरों को आधार कार्ड अपडेट करने का कार्य सौंपा गया है। इन केंद्रों पर आधार कार्ड पर नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल को संशोधित कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड के अपडेटेशन के काम की जिम्मेदारी सीएससी, बैंक मित्रों को सौंपी जा रही है। उन्होंने बताया कि सरसवां में गरौली स्थित कॉमन सर्विस सेंटर सहित दो, मंझनपुर में समदा सहित दो, चायल में दो, सिराथू में तीन और कड़ा में दो सीएससी पर आधार कार्ड संशोधन की व्यवस्था लागू की गई है। इससे क्षेत्रीय लोगों को आधार कार्ड संशोधन के लिए अधिक परेशानी का सामना नहीं करना होगा।