कानपुर में कोरोना का नया वैरिएंट एक्सई ओमिक्रॉन से आठ गुना तेजी से फैलता है। यह ओमिक्रॉन के ही दो वैरिएंट बीए-1 और बीए-2 से मिलकर बना है। कोरोना की तीसरी लहर में ओमिक्रॉन के ये वैरिएंट ही प्रभावी रहे हैं। इससे माना जा रहा है कि कोरोना से बचाव के लिए लगाई जा रही वैक्सीन इसमें काम कर सकती है।
वैसे माइक्रोबायोलॉजिस्ट इसको लेकर मंथन कर रहे हैं। एक्सई वैरिएंट का अभी मुंबई में एक ही संक्रमित मिला है। ब्रिटेन में एक्सई वैरिएंट के संक्रमित इस साल 19 जनवरी से मिलना शुरू हुए थे। ब्रिटेन में 638 एक्सई वैरिएंट पॉजिटिव लोगों पर शोध शुरू हो गया है।
नए वैरिएंट के संबंध में इंडियन एसोसिएशन ऑफ मेडिकल माइक्रोबायोलॉजिस्ट (आईएएमएम) के वेबिनार में नए वायरस से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि कोरोना के डेल्टा वैरिएंट से ओमिक्रॉन अधिक तेज है।