कानपुर के सीसामऊ बाजार में दुकान के सामने ठेला लगाने के विवाद में फेरी वाले ने होजरी दुकानदार को डंडे से पीट कर घायल कर दिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है।
काकादेव हितकारी नगर निवासी मनोज निगम (53) की सीसामऊ बाजार में पुरानी होजरी की दुकान है। दुकान पर वह अपने बड़े भाई राजेंद्र कुमार निगम के साथ बैठते थे। राजेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि दुकान के सामने अक्सर फेरी वाले अपना ठेला लगा कर खड़े हो जाते थे।
कुछ दिनों से राहुल नाम का फेरी वाला मना करने के बाद भी दुकान के सामने खड़ा हो जाता था। बुधवार को मनोज ने उसे ठेला हटाने के लिए कहा तो वह गालीगलौज पर उतर आया। विरोध करने पर उसने ठेले से डंडा निकाल कर मनोज के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो कर वहीं गिर गए।