अकबरपुर स्थित मैदान में धूप में बैठे लोग। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। लगातार तीन दिनों से आसमान साफ है और दिन में तेज धूप निकल रही है। इससे दिन में ठंड का असर अब कम हो गया है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने दो से चार फरवरी के बीच फिर से मौसम के करवट लेने और बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि इस बार बारिश से मौसम में उतनी ठंडक नहीं लौटेगी जितनी पिछले सप्ताह रही।
जिले में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया। यह सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसकी वजह से ठंड कम रही।
हालांकि छह किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दक्षिणी पश्चिमी हवाएं चलीं। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर की तरफ नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। उत्तर पश्चिमी दिशा से अभी बर्फीली हवाएं आ रही हैं।
हालांकि मौसम साफ होने से दिन में निकलने वाली धूप से राहत है। उन्होंने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। जनपद में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश से ठंड में इजाफा होगा। हालांकि पहले जैसी ठंड नहीं लौटेगी।