बिकरू कांड के दोषी चार और पुलिसकर्मियों पर बुधवार को कार्रवाई हुई। सभी को मिस कंडक्ट (प्रतिकूल प्रविष्टि) मिली। इन सभी का प्रमोशन भी रुक जाएगा। इसके अलावा जांच में कई और भी पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं मगर वो रिटायर्ड हैं। इन पर क्या कार्रवाई होगी यह तय नहीं हो सका है।
इसके लिए पुलिस अफसर विधिक राय लेंगे। विकास दुबे और उसके गैंग को शह देने और उनके साथ मिलीभगत करने वाले 50 से अधिक पुलिसकर्मी एसआईटी की जांच में दोषी पाए गए थे। कुछ दिन पहले ही पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी। ऐसे पुलिसकर्मियों की संख्या और बढ़ गई है।
एडिशनल एसपी शिवाजी शुक्ला की जांच में दरोगा दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल लायक सिंह, सिपाही विकास और सिपाही कुंवर पाल सिंह दोषी पाए गए थे। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि अभी तमाम पुलिसकर्मी जो दोषी पाए गए हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।