छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में एक बार फिर मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगा है। सोमवार को एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्रों ने विवि पहुंचकर हंगामा किया।
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सोमवार को एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक से मिलकर समस्याएं बताईं। कुलपति ने दस दिन के अंदर समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विवि में मूल्यांकन में गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्रों ने मूल्यांकन में खामियां बताकर प्रदर्शन किया था। सोमवार को मुख्य द्वार पर छात्रों को हंगामा करते देख चीफ प्रॉक्टर मौके पर पहुंचे। छात्रों का आरोप है कि मूल्यांकन में गड़बड़ी से अधिकतर छात्र फेल हो गए हैं। कुलपति ने कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।
इसी तरह कुछ दिन पहले एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भी आउट आफ सिलेबस कोर्स आने और मूल्यांकन गलत तरीके से करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।