दो दिन में जमा हुए 60 करोड़
शहर की बैंक शाखाओं में सोमवार को गुलाबी नोट की जमकर बरसात हुई। शनिवार की तुलना में सोमवार को छह गुना अधिक दो हजार के नोट जमा हुए। शनिवार को दस करोड़ रुपये जमा हुए थे, तो सोमवार को शहरियों ने 60 करोड़ से ज्यादा के दो हजार के नोट जमा किए। वहीं, कई शाखाओं में नोट की मशीन न चलने से ग्राहकों, कैशियर को परेशानी हुई।
शाखाएं खुलते ही बैंकों में पहुंचने लगे लोग
दो हजार का नोट चलन से बाहर होने की घोषणा के बाद से डरे शहरी सोमवार को शाखाएं खुलने के साथ ही बैंकों में पहुंचने लगे। सूत्रों ने बताया कि मोतीझील स्थित एक शाखा में 28 लाख रुपये जमा किए गए। शनिवार को यहां 18 लाख रुपये जमा हुए।
शहर में हैं 619 बैंक शाखाएं
शहर में 619 बैंक शाखाएं हैं। सामान्य तौर पर जहां एक शाखा में पूरे दिन में 10–20 नोट तक ही जमा होते थे, अब दो दिनों में लगभग 1000–1200 नोट तक जमा हुए। पीएनबी के अधिकारी ने बताया कि छोटी, मध्यम और बड़ी शाखा मिलाकर 10 करोड़ से ज्यादा के दो हजार के नोट जमा हुए।
मशीन न काम करने से हुई परेशानी
वी बैंकर्स के महामंत्री आशीष मिश्रा ने बताया कि मंगलवार से नोट बदले जाएंगे। बैंकों में स्टाफ कम है। ऐसे में समस्या देखने को मिल सकती है। कई शाखाओं में सोमवार को ही नोट गिनने की और छांटने की मशीन सही से काम नहीं कर पाई। उन्होंने बताया कि दो दिन में शहर में करीब 60 करोड़ के दो हजार के नोट जमा हुए हैं।