कोरोना से दो और रोगियों की मौत हो गई। नवाबगंज निवासी 51 वर्षीय रोगी पहले से सांस की नली के कैंसर और दूसरी बीमारियों की गिरफ्त में था। वहीं 80 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग ने भी हैलट में दम तोड़ा है। इसके साथ ही 43 मोहल्लों से लिए गए सैंपलों में 193 नए लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमण का फैलाव नए मोहल्लों में भी होता जा रहा है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, उर्सला समेत कई स्थानों पर लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। मरीज तेजी से संक्रमण मुक्त भी हो रहे हैं। इससे नगर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 2080 बची है।
सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने लोगों से अपील की है कि कोविड लाइन का पालन करें और छूटे हुए लोग वैक्सीन लगवा लें। हैलट में चार और रोगी गंभीर हालत में कोविड अस्पताल में भर्ती हैं। नगर में अब तक कुल 1918 कोरोना संक्रमित रोगियों की मौत हुई है।
कुल संक्रमितों की संख्या 92174 है। इनमें 88177 ठीक हो चुके हैं। रविवार को 459 संक्रमित ठीक हुए। एक संक्रमित हैलट और 458 लोग होम आइसोलेशन में इलाज से संक्रमण मुक्त हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध 5749 लोगों की सैंपलिंग की है। सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं।