कानपुर-बुंदेलखंड की सभी 52 विधानसभा सीटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से नजर रखेंगे। दो फरवरी को वह वर्चुअल रैली करेंगे। इसके जरिये वह क्षेत्र के 50 लाख से अधिक मतदाताओं से सीधे जुड़ने की कोशिश करेंगे।
वैसे इस क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या प्रति विधानसभा में तीन लाख मतदाताओं के हिसाब से करीब 1.56 करोड़ है। वर्चुअल रैली में अभी तक दो से ढाई लाख लोगों को एक साथ जोड़ने की व्यवस्था है।
पार्टी ने तय किया गया है कि हर जिला और विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के कार्यालयों पर स्क्रीन लगाकर भी प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली से लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के सभी माध्यमों पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा।
मोदी की इस क्षेत्र की पहली चुनावी रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें अधिक से अधिक संख्या में लोगों को प्रधानमंत्री का संबोधन सुनाने के लिए व्यवस्था करने को कहा गया। वर्ष 2017 में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 47 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस बार पार्टी ने 50 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।