पटियाला से कानपुर में दरोगा भर्ती की परीक्षा देने आई श्रद्धा के हत्यारोपी सुजीत कुमार गौतम उससे शादी करना चाहता था, लेकिन श्रद्धा ने पटियाला निवासी हरजीत सिंह से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे बौखलाए सुजीत ने बदला लेने की ठान ली थी। वह मौके की तलाश में था। इस बीच श्रद्धा परीक्षा देने कानपुर आई तो सुजीत ने उसे मार डाला। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सीओ सदर ऋषिकेश यादव ने बताया कि सुजीत दूर की रिश्तेदार कनौज के छिबरामऊ निवासी श्रद्धा को बचपन से ही एक तरफा प्यार करता था। वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन श्रद्धा उसे महज एक दोस्त की तरफ ट्रीट करती थी। इस बीच एक साल पहले मैट्रिमोनियल साइट के जरिए श्रद्धा की मुलाकात पटियाला निवासी हरजीत सिंह से हो गई थी। परिजनों की रजामंदी के बाद 27 मई 2021 को दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। इधर, श्रद्धा की शादी के बाद से सुजीत उससे खुन्नस रखने लगा था और उसे रास्ते से हटाने की ठान ली थी।
दोस्त बनकर रिसीव किया, फिर गला घोंटकर मार डाला
ट्रांसपोर्टर हरजीत सिंह ने बताया कि श्रद्धा 11 नवंबर को अंबाला स्टेशन से ऊंचाहार एक्सप्रेस से कानपुर के लिए रवाना हुई थी। 12 नवंबर की सुबह करीब 5.30 बजे वह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। वहां पहले से मौजूद सुजीत ने उसे रिसीव किया। वहां दोनों ने काफी देर तक बातचीत की, फिर चकरपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर छोड़ दिया। शाम को 7.50 बजे आम्रपाली एक्सप्रेस से श्रद्धा का वापसी थी। लिहाजा सुजीत परीक्षा के बाद घूमने की बात कहकर स्कूल के बाहर इंतजार करने लगा। करीब 6.15 बजे उसने श्रद्धा को रिसीव किया फिर उसे बिधनू के उजियारा में लेकर गला घोंटकर मार डाला। इसके लिए उसने पहले से ही एक सुनसान इलाका चुन रखा था।