आगरा केस में उलझी सीबीआई ने रूचि को जल्द ही संजीत हत्याकांड की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। रूचि ने तीन दिन पहले सीबीआई के अधिकारी को व्हाट्सअप मैसेज कर न्याय की गुहार लगाई थी। रूचि ने बताया कि संजीत हत्याकांड की जांच कर रहे डिप्टी एसपी हरजीत सचान ने 23 अक्तूबर को टीम संग घर पहुंचकर बयान दर्ज किए थे।
इसके बाद कॉल कर फिरौती के लिए अपहर्ताओं से बातचीत में इस्तेमाल हुए मोबाइल की मांग की थी। इसके बाद रूचि ने जांच अधिकारी के नंबर को अपने मोबाइल में सुरक्षित रख लिया था। रूचि ने बताया कि एक माह पहले उसने जांच अधिकारी को कॉल कर मोबाइल सुपुर्द करना चाहा, लेकिन कॉल नहीं उठा।
इसके बाद उसने मैसेज कर इसकी जानकारी दी। जिसपर जांच अधिकारी ने जरूरत पड़ने पर मोबाइल लेने का आश्वासन देते हुए उसे अपने पास सुरक्षित रखने की बात कही। रविवार सुबह दोबारा उसके जांच अधिकारी को मैसेज कर केस की प्रगति रिपोर्ट के बारे में जानना चाहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
अब रूचि ने सोशल मीडिया पर छेड़ी जंग
मनीष हत्याकांड में हत्यारोपियों को सजा दिलाने के लिए मीनाक्षी ने जैसे सोशल मीडिया का सहारा लिया था। इसी तरह संजीत की बहन रूचि भी सोशल मीडिया पर हत्यारोपियों के खिलाफ जंग लड़ने की तैयारी कर रही हैं। रूचि ने बताया कि वह सोशल मीडिया के जरिए हत्यारोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाएंगी। इसके लिए उन्होंने सबसे पहले अपनी डीपी पर भाई के साथ हत्यारोपी की भी फोटो लगा कहा कि यही मेरे भाई का हत्यारा है।