कबड्डी में प्रतिभाग करतीं छात्राएं।
- फोटो : संवाद
पुखरायां। आरएसजीयू इंटर कॉलेज मैदान में पीएम श्री विद्यालयों की जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को हुई। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। खो-खो बालक वर्ग में रोशनमऊ और बालिका वर्ग में कुड़ावल की टीम ने बाजी मारी। बीएसए ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र बांटे।
खेलकूद प्रतियोगिता में जिल के पीएम श्री विद्यालय के रूप में चयनित 12 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ बीएसए अजय कुमार मिश्र व आरएसजीयू कॉलेज के प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी, प्रधानाचार्य अखिलेश द्विवेदी ने किया। विद्यालयों के छात्रों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट करते हुए ध्वज को सलामी दी।
बालक वर्ग खो-खो में रोशनमऊ की टीम ने परजनी टीम को हराया, जबकि बालिका वर्ग में कुड़ावल डेरापुर ने भदेसा सरवनखेड़ा की टीम को हरा कर जीत अपने नाम की। बालक वर्ग कबड्डी में भदेसा सरवनखेड़ा ने विरोहा अमरौधा से जीत दर्ज कराई। बालिका वर्ग कबड्डी में कुड़ावल डेरापुर की टीम ने सनायाखेड़ा मलासा की टीम को हराया। बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में भदेसा सरवनखेड़ा के राज, 200 मीटर में अफसरिया के अल्ताफ, 400 मीटर में परजनी झींझक के कृष्णा प्रथम रहे।
बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में प्रिया, 200 मीटर में प्रतिमा व 400 मीटर में प्रिया प्रथम रही। यह सभी छात्राएं कुड़ावल डेरापुर की रही। लंबी कूद बालक वर्ग में विरोहा अमरौधा के अतुल व बालिका वर्ग में परजनी झींझक के सोनी प्रथम रही। सभी विजेताओं को बीएसए अजय कुमार मिश्र ने पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिए। संचालन एआरपी रवि द्विवेदी ने किया। जिला समन्वयक प्रशिक्षण सौरभ श्रीवास्तव, एसआरजी संत कुमार दीक्षित, अनंत त्रिवेदी, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक दिनेश बाबू, प्रताप भानु सिंह गौर, अंकुर मिश्रा, अनूप तिवारी, पूनम सचान, नीतू कटियार आदि रहे।