कानपुर देहात के अकबरपुर में इटावा हाईवे पर रविवार देर रात रोडवेज बस ने सर्वोदय नगर स्थित रतनदीप हॉस्पिटल के एमडी प्रणय त्रिपाठी (55), उनके ड्राइवर और ड्राइवर के भाई को रौंद दिया। हादसे में तीनों लोगों की मौत हो गई।
प्रणय त्रिपाठी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से दिल्ली से लौट रहे थे। रास्ते में कार पंचर होने पर तीनों लोग उतरकर सड़क पर खड़े हो गए। तभी पीछे से आई बस ने चपेट में ले लिया। नवाबगंज निवासी प्रणय त्रिपाठी रतनदीप हॉस्पिटल के एमडी थे।
उनके छोटे भाई डॉ. प्रदीप त्रिपाठी आर्थोपेडिक सर्जन हैं। प्रणय शनिवार को पत्नी मीना, बेटे मृदुल, मां कमला देवी व कार चालक चौबेपुर के गोगूमऊ निवासी अतुल दीक्षित (24) के साथ शादी समारोह में दिल्ली गए थे। लौटते समय दिल्ली में आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी करने वाले अतुल के बड़े भाई मृदुल दीक्षित (32) भी उनके साथ हो गए।
रविवार देर रात अकबरपुर के कुंभी के पास कार का पहिया पंचर हो गया। अतुल व मृदुल सड़क किनारे कार खड़ी कर स्टेपनी बदलने लगे। प्रणय भी कार से उतरकर उनके पास खड़े हो गए। इसी बीच इटावा की ओर से कानपुर आ रही रोडवेज बस ने तीनों को कुचल दिया।