गहोलिया गांव में मृतक के परिजनों से जानकारी लेते आईजी मोहित अग्रवाल। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। गहोलिया गांव में गिट्टी कारोबारी की हुई हत्या के मामले में बुधवार को आईजी परिवारीजनों से मिले। उन्होंने वारदात के खुलासे के लिए विरोधाभासी बयान देने वालों का नार्को टेस्ट कराने को कहा। इसके बाद पुलिस लाइन में बैठक की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों व सीओ से पुरानी घटनाओं का खुलासा प्राथमिकता से करने को कहा।
माती पुलिस लाइन में बैठक के दौरान आईजी मोहित अग्रवाल ने पुरानी घटनाओं में खुलासा न होने पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि लंबित मामलों में पुलिस विवेचना पूरी कर तत्काल किसी नतीजे पर पहुंचे। जरूरत के अनुसार फॉरेंसिक एक्सपर्ट, लीगल एक्सपर्ट से सहयोग लें।
गहोलिया गांव में 16 सितंबर को मौरंग गिट्टी कारोबारी आशु तिवारी की हत्या के मामले का जल्द खुलासा होना चाहिए। शुरू से लेकर अभी तक जो लोग विरोधाभासी बयान दे रहे हैं उनका नार्को टेस्ट कराने की सिफारिश करें। चाहे वह पीड़ित या आरोपी पक्ष किसी भी तरफ से हों।
आईजी ने निर्देश दिए कि महिला अपराध पर गंभीरता से शिकायत सुनें, तथा निष्पक्ष रुप से कार्रवाई करें। महिला सिपाहियों को बीट व गांव वार भेजकर महिलाओं को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्हें शासन की तरफ से जारी की महिला हेल्प लाइन व अन्य योजनाओं के बाबत जागरूक करने को कहा।
त्योहार के सीजन में बाजारों में गश्त बढ़ाने के साथ अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए। बैठक में एसपी केशव कुमार चौधरी, एएपी घनश्याम चौरसिया, सीओ सदर अरुण कुमार सिंह, सीओ रविकांत गौड़ समेत सभी सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।