फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: यूपीडा के फूड प्लाजा में करंट से प्लंबर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Mon, 26 Jul 2021 11:01 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा

सार

प्लाजा के मैनेजर (प्रथम) पर जबरन दबाव बनाकर काम कराने का आरोप लगाया। साथ ही शव को प्लाजा के बाहर रखकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के चैनल नंबर-104 पर यूपीडा के फूड किंग प्लाजा में आरओ मशीन ठीक करते समय प्लंबर की करंट लगने से मौत हो गई। प्लाजा कर्मी की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा किया। प्लाजा के मैनेजर (प्रथम) पर जबरन दबाव बनाकर काम कराने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


यह देख मैनेजर मौके से भाग निकला। इस पर भीड़ ने दूसरे मैनेजर को पीट दिया। साथ ही शव को प्लाजा के बाहर रखकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे सीओ जसवंतनगर व एसडीएम के समझाने पर परिजन शांत हुए।

चौबिया थाना क्षेत्र के नगला दलजीत गांव निवासी सुधीर कुमार (24) यूपीडा के फूड किंग प्लाजा में प्लंबर का काम करता था। इसी प्लाजा में गार्ड की नौकरी करने वाले उसके भाई संजीव ने बताया कि सोमवार को प्लाजा के मैनेजर (प्रथम) सुशील भारद्वाज ने भाई को जबरदस्ती होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित आरओ मशीन ठीक करने के लिए भेजा था।
विज्ञापन


उसके साथ मैनेजर (द्वितीय) कमलेश भी गया था। मशीन ठीक करते समय सुधीर की करंट लगने से मौत हो गई। इस पर कमलेश ने नीचे आकर जानकारी सुशील को दी तो वह भाग गया। इस बीच एक कर्मी छत पर गया तो उसने सुधीर को मृत पड़ा देख उन्हें (परिजनों को) जानकारी दी।

जब वे लोग प्लाजा पर पहुंचे, तो उन लोगों ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी। इस पर कमलेश के साथ मारपीट हो गई। यह देख प्लाजा में मौजूद अन्य कर्मी भाग गए। परिजनों ने शव को छत से नीचे उतारकर प्लाजा के बाहर रखा। इसी बीच कुछ ग्रामीण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का प्रयास करने लगे।

सूचना पर सीओ जसवंतनगर राजीव प्रताप सिंह, सैफई, चौबिया समेत आधा दर्जन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद परिजन प्लाजा के बाहर ही मैनेजर के खिलाफ जबरन काम करवाने व मुआवजा की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।

सीओ व एसडीएम सैफई के समझाने पर परिजन व ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ जसवंतनगर राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

तीन साल से कर रहे थे दोनों भाई काम 
सुधीर कुमार व संजीव करीब तीन साल से फूड किंग प्लाजा में नौकरी कर रहे थे। संजीव का आरोप है कि सुशील ने सुधीर को धमकी दी थी कि आरओ मशीन सही नहीं की तो उसका ट्रांसफर चैनल-227 पर कर दिया जाएगा। प्लाजा मालिक पर आरोप है कि वह दोनों भाइयों से उनका तय काम न कराके अन्य काम कराता था। 

पांच लाख रुपये की मिली मदद
एसडीएम एन. राम ने बताया कि फूड किंग प्लाजा के मालिक विजय लोहिया ने सुधीर कुमार की गर्भवती पत्नी पूजा को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें