संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) की परीक्षा में पनकी निवासी अपूर्व पांडेय ने एयर फोर्स एकेडमी में पहली रैंक हासिल कर टॉप किया है। अब वह वायुसेना में पायलट बनेंगे।
वहीं, इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) में अपूर्व पांडेय को दूसरी रैंक मिली है। इनको यह सफलता 9वें प्रयास में मिली है। अपूर्व ने बताया कि पिता हिमांशु पांडेय लोडर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं और मां संतोष एक निजी डिग्री कॉलेज में क्लर्क हैं।
अपूर्व इस वक्त मिनिस्ट्री ऑफ कम्युनिकेशन में जूनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 2018 में एसएससी सीजीएल की परीक्षा दी थी। हाल ही में आए परिणाम में उनका चयन पासपोर्ट कार्यालय में असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट पद पर हुआ था।
उन्होंने बताया कि बचपन से ही मैं पायलट बनना चाहता था। माता-पिता ने आर्थिक कष्टों के बावजूद पढ़ाई में कोई कमी न होने दी। पढ़ाई का खर्च बढ़ा तो अपूर्व 2016 से ट्यूशन पढ़ाने लगे थे। उन्होंने डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजूकेशन सेंटर पनकी से इंटर और वीएसएसडी कॉलेज से स्नातक किया है।