Hardoi News: मृतक के पिता रामचंद्र के मुताबिक घरेलू कलह में हरीराम ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी की है। थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हरदोई जिले में मझिला थाना क्षेत्र के भोगियापुर गांव में घरेलू कलह के चलते घर से नाराज होकर निकले भट्ठा मजदूर ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
भोगियापुर निवासी हरीराम (35) एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। शुक्रवार रात परिवार में ही आपसी विवाद हो गया था। पुलिस के मुताबिक रात दो बजे हरीराम घर से बिना कुछ बताए निकल गया था। इसके बाद उसके पिता रामचंद्र अन्य परिजनों के साथ उसे खोजने निकले।
सुबह लगभग चार बजे उसका शव परिवार के ही खेत में पड़ा मिला। उसके पास ही तमंचा पड़ा था और उसमें खोखा फंसा था। पिता रामचंद्र के मुताबिक घरेलू कलह में हरीराम ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी की है। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष मझिला सुब्रत नारायण मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।