फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: प्रादेशिक सम्मेलन में दूसरे दिन भी जुटे हजारों वकील, आज तय होगी आंदोलन की अंतिम रूपरेखा

Thu, 13 Apr 2023 01:33 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
अधिवक्ताओं का प्रादेशिक सम्मेलन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला जज के स्थानांतरण की मांग को लेकर शुरू हुए आंदोलन की आग पूरे प्रदेश में फैलने के साथ ही दो दिवसीय प्रादेशिक सम्मेलन का गुरुवार को अंतिम दिन है। हजारों वकीलों का हुजूम आज भी कचहरी में जुट रहा है। आगरा, मुगलसराय, सीतापुर, जौनपुर, कानपुर देहात समेत कई जिलों से भारी संख्या में अधिवक्ता कानपुर पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन


जिला जज के स्थानांतरण की मांग को लेकर कानपुर के अधिवक्ता पिछले 29 दिन से आंदोलित हैं। हाईकोर्ट द्वारा बार व लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के खिलाफ अवमानना वाद दर्ज करने और उन्हें जेल भेजने की बात कहे जाने से नाराज अधिवक्ताओं ने कई जिलों में आंदोलन शुरू कर दिया है। कानपुर के अधिवक्ताओं के समर्थन में उत्तर प्रदेश के जिलों से ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेशों से भी बार संघों ने समर्थन पत्र भेजे हैं।

बार व लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को बार एसोसिएशन लॉन में प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसमें प्रदेश के कई जिलों से अधिवक्ता पहुंच चुके हैं। अधिवक्ताओं का आना लगातार जारी है। हजारों की संख्या में पहुंचे अधिवक्ताओं ने कानपुर के जिला जज संदीप जैन के स्थानांतरण की मांग के साथ ही अवमानना वाद वापस लिए जाने, न्यायिक व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार को खत्म कर सुधार लाने व एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई है।
विज्ञापन


बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश चंद्र त्रिपाठी, महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव और लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पं. रविंद्र शर्मा व महामंत्री शरद शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन को यूपी बार काउंसिल के सदस्य योगेंद्र स्वरूप, अंकज मिश्रा व अनुराग पांडे का भी समर्थन मिल रहा है। कानपुर के अधिवक्ताओं के आंदोलन के समर्थन में प्रदेश के कई जिलों में अधिवक्ताओं ने आज न्यायिक कार्य बहिष्कार की घोषणा कर रखी है। अधिवक्ताओं के प्रतिरूप बैंड को प्रतीक चिन्ह के रूप में चेतना चौराहे पर लगाकर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था। इस सेल्फी प्वाइंट पर एड. विकास श्रीवास्तव, एड. विकास वर्मा समेत कई युवा अधिवक्ता सेल्फी खींचते भी दिखाई दिए।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
पहले दिन आंदोलन में जुटी भीड़ को देखकर दूसरे दिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी है। पुलिसकर्मी भी सम्मेलन की रिकॉर्डिंग करते दिखाई दिए। एलआईयू के अफसर भी सतर्क हैं और मौका मुआयना कर पल-पल की जानकारी से आला अफसरों को अपडेट कर रहे हैं।

सम्मेलन में रखे गए हैं यह प्रस्ताव
कानपुर के जिला जज संदीप जैन का स्थानांतरण किया जाए, हाईकोर्ट में दायर अवमानना वाद वापस लिया जाए, एडवोकेट प्रोटक्शन एक्ट लागू किया जाए, अधिवक्ता कल्याण निधि की धनराशि 5 से बढ़ाकर 10 लाख की जाए, नए अधिवक्ताओं को पांच साल तक 10 हजार प्रतिमाह भत्ता दिया जाए, अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चेंबर की व्यवस्था की जाए, 25 साल की वकालत या 70 साल की आयु पूरी करने वाले अधिवक्ताओं को पेंशन दी जाए, अदालतों में अवैधानिक आदेश देने पर न्यायाधीशों की जवाबदेही तय की जाए।
विज्ञापन

सम्मेलन की व्यवस्था में लगी कई टीमें
आगंतुकों के स्वागत के लिए शताब्दी द्वार के पास रिसेप्शन काउंटर बनाया गया है। पूर्व अध्यक्ष अजीत शुक्ला व बार उपाध्यक्ष अनूप शुक्ला के नेतृत्व में अधिवक्ताओं की एक टीम जिले से आने वाले अधिवक्ताओं के नाम उनकी संस्था, पद व मोबाइल नंबर आदि का विवरण नोट कर रही है। पूर्व महामंत्री कपिलदीप सचान व अश्वनी आनंद ने बताया कि सम्मेलन में कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। आगंतुकों के लिए नाश्ते भोजन की भी व्यवस्था की गई है। कचहरी के आसपास जाम न लगे और राहगीरों को कोई परेशानी न हो उसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें