कानपुर मेट्रो की पहली ट्रेन के तीन कोच शनिवार को गुजरात से रवाना हो गए। सुबह गोरखपुर में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर कोच को गुजरात के सवाली प्लांट से कानपुर के रवाना कराया। ये कोच 10-12 दिन में कानपुर में पॉलिटेक्निक स्थित डिपो पहुंच जाएंगे और यहां पर असेंबलिंग के बाद ट्रेन तैयार की जाएगी।
इसके बाद पॉलिटेक्निक के पास बने डिपो में ट्रैक पर ट्रेन को चलाकर परीक्षण किया जाएगा, इसकी अधिकतम रफ्तार 90 किलोमीटर प्रतिघंटे रखी जाएगी। कानपुर में प्राथमिक कारीडोर आइआइटी से मोतीझील के बीच में है, जिसमें नौ स्टेशन हैं। फिलहाल मेट्रो के तीनों कोच को पालिटेक्निक स्थित डिपो में लाने के बाद परीक्षण किया जाएगा।
कोच एसेंबेलिंग के लिए डिपो के अंदर सभी प्रमुख मशीनों को लगाया जा चुका है। पहली मेट्रो के आने के बाद अगले कुछ दिन में प्राथमिक कारीडोर के लिए बाकी मेट्रो भी आ जाएंगी। 15 नवंबर 2021 को इसका ट्रायल रन शुरू करना है। जनवरी 2022 में आम जनता के लिए मेट्रो को शुरू कर दिया जाएगा।कानपुर के प्राथमिक सेक्शन के लिए आठ मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। इसके बाद कानपुर के दोनों कारीडोर में कुल 39 ट्रेनें संचालित होंगी और सभी में तीन-तीन कोच होंगे।