कानपुर में बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लवकुश नगर निवासी आचार्य प्रशांत शुक्ला के घर चोरों ने धावा बोल घर नकदी और लाखों के जेवरात पार कर दिए। पीड़ित ने बिठूर थाने में चोरी की तहरीर दी है। प्रशांत शुक्ला ऑनलाइन पूजा पाठ और हवन करवाते हैं। प्रशांत ने बताया कि गुरुवार को उनकी चचेरी बहन की शादी है। इसलिए वह घर में ताला लगा बुधवार को पत्नी श्रद्धा, बेटे कृष्णा के साथ शादी समारोह में शामिल होने कानपुर देहात के विजयीपुर रूरा गए थे।
गुरुवार सुबह प्रशांत के साथी आचार्य दिलीप ने उनके घर का दरवाजा खुला देख उन्हें जानकारी दी। इस पर वह आनन-फानन रूरा से वापस बिठूर लौटे तो देखा दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। चोर अलमारी के लाकर में रखे एक लाख रूपये, बेटे के गुल्लक के करीब पांच हजार रूपये, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, चार सोने की अंगूठी, चार सोने के टप्स, सोने की झुमकी और बाले चुरा ले गए। प्रशांत के अनुसार करीब चार लाख रूपये का माल चोरों ने पार कर दिया। मौके पर पहुंच बिठूर पुलिस ने जांच की।