कानपुर के कल्याणपुर में एक महिला ने देवर पर दुष्कर्म व ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता के पति की मौत कोरोना की दूसरी लहर में हो गई थी।
आरोप है कि ससुराल वाले देवर से जबरन उसकी शादी कराना चाहते हैं। कल्याणपुर निवासी महिला की दिसंबर 2012 में शादी हुई थी। 26 मई को कोरोना से महिला के पति की मौत हो गई थी। पीड़िता का आरोप है कि पति की तेरहवीं के बाद से ननद और ननदोई देवर से शादी करने के लिए दबाव बनाने लगे।
विरोध पर मारपीट की। 26 जून को गुरुदेव चौकी में शिकायत करने पर ससुराल वालों ने पीड़िता से माफी मांग ली थी। पीड़िता का आरोप है कि 29 जून की रात को उसके देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने सुनवाई नहीं की।
तब पीड़िता ने महिला आयोग की सदस्य और डीसीपी पश्चिम से शिकायत की। बुधवार देर रात देवर व अन्य ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता ने एक दरोगा पर भी अभद्रता करने और ससुराल वालों का पक्ष लेने का आरोप लगाया है।