कानपुर में बिधनू क्षेत्र के ढरहरा गांव के किसान को पड़ोसी गांव के छह-सात युवकों द्वारा शुक्रवार रात को अपहरण कर बंधक बनाकर पीटे जाने की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस पर ही हमला हो गया। युवकों ने सिपाही और होमगार्ड को लाठी-डंडों से मारा। थाने से पुलिस पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित किसान को बंधनमुक्त कराकर घर पहुंचाया गया। पुलिस ने किसान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। किसान ने अपनी तहरीर में पुलिस पर भी हमले का जिक्र किया है।
ढरहरा गांव निवासी किसान श्याम सिंह चंदेल (57) शुक्रवार रात को बेटी के घर बाइक से जामू गांव जा रहे थे। बांबीपुरवा गांव के मोड़ पर तीन बाइकों से आए छह युवकों ने नाम पता पूछने के बाद उन्हें पीटना शुरू कर दिया। फिर उन्हीं की बाइक से अपहरण कर बांबीपुरवा ले गए। यहां बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा। इसी बीच किसी ग्रामीण ने डायल-112 पर सूचना दे दी। इस पर पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल)-0960 के सिपाही जितेंद्र कुमार और होमगार्ड धर्मेंद्र कुमार बांबीपुरवा पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मी श्याम सिंह को छुड़ाने लगे तो युवकों ने लाठी-डंडे दिखाकर किसान को खींच लिया। सिपाही जितेंद्र वीडियो बनाने लगे तो एक आरोपी युवक ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसी बीच सिपाही के सिर पर डंडा मार दिया। पुलिस पर हमले की सूचना पर थाने का पुलिस बल पहुंचा, तो हमलावर भाग गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने श्याम सिंह को घर पहुंचाया।