डेरापुर। मुर्रा गांव के ढाबे के पास सफाई कर्मी से पांच लोगों ने मारपीट की। इसके बाद सभी धमकी देकर फरार हो गए। जानकारी पर परौंख में सफाई कर रहे एक सैकड़ा सफाई कर्मियों ने डेरापुर थाने पहुंचकर हंगामा किया। थाना प्रभारी ने कर्मचारियों को समझाकर पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राष्ट्रपति व पीएम के कार्यक्रम के बाद परौंख में सफाई कराने की जिम्मेदारी डीपीआरओ नमिता शरण ने संभाल रखी है। झींझक निवासी ब्रजेश कुमार नहली गांव में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है।
उसने बताया कि शनिवार को डीपीआरओ के निर्देश पर जनपद के सभी ब्लॉकों के सफाई कर्मी पराैंख में सफाई कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे नहली गांव के दीपक मिश्रा, गोपाल अग्निहोत्री, कपिल मिश्रा, अनिल कुशवाहा व लालू चौहान उसके पास आए और बात करने के बहाने महोई मुर्रा के बीच भदौरिया होटल के पास ले गए।
वहां जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और पीटने लगे। शोर मचाने पर लोगों को आता देखकर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। उसने घटना की जानकारी साथी सफाई कर्मियों की दी। इस पर राजेश, मोहनलाल, आदर्श, रमेश, मो. आदिल, हरिओम, महेश कुमार, अर्जुन सिंह, आदर्श कुमार सहित एक सैकड़ा सफाई कर्मी मौके पर पहुंचे और उसे घायलावस्था में लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस ने घटना मंगलपुर थाना क्षेत्र की होने की बात कही तो सफाई कर्मी हंगामा काटने लगे। थाना प्रभारी गंगा सिंह ने बताया कि सफाई कर्मियों को समझाकर शांत करा दिया गया है।
पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मारपीट, एससी/एसटी, धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल सफाई कर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। घटना की जांच सीओ डेरापुर करेंगे।