अकबरपुर इंटर कॉलेज में सिटिंग प्लान देखता कर्मचारी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट होने के बाद कक्षा नौ से 12 और महाविद्यालयों में सोमवार से शिक्षण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। शासन ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी हैं। करीब एक माह बाद छात्र विद्यालयों व डिग्री कॉलेजों में रौनक लौटेगी। शिक्षण कार्य के लिए रविवार को कई स्कूलों की कक्षाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं।
कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर चार जनवरी से विद्यालय बंद कर दिए गए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने चरणबद्ध तरीके से स्कूलों की बंदी को छह फरवरी तक बढ़ा दिया था, लेकिन ऑनलाइन क्लास जारी रखने के निर्देश थे।
अब प्रदेश में कोरोना के केस कम होने पर शासन ने कक्षा नौ से 12 व डिग्री कॉलेजों में सोमवार से कोविड गाइड लाइन के तहत शिक्षण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अकबरपुर इंटर कॉलेज समेत कई स्कूलों में रविवार को कक्षाएं व्यवस्थित की गई।
प्रधानाचार्य भारत सिंह ने बताया कि कोविड गाइड लाइन का पालन कर कक्षाएं संचालित की जाएगी। जनपद में 326 माध्यमिक विद्यालय हैं। डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि कोरोना प्रोटाकॉल के तहत स्कूल खोलने की मंजूरी दी गई है।
बिना मास्क के विद्यालय में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके साथ ही कक्षाओं को प्रतिदिन सैनिटाइज किया जाएगा। छात्रों के बीच दो गज दूरी का पालन कर कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विद्यालय छात्रों की उपस्थिति के अनुसार बैठने की व्यवस्था करेंगे।
वहीं, जनपद के 84 डिग्री कॉलेजों में भी सोमवार से कक्षाएं भौतिक रूप से संचालित होंगी। नोडल अधिकारी राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य भुवनेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में दो राजकीय डिग्री कॉलेज, दो सहायता प्राप्त कॉलेज व 81 वित्त विहीन डिग्री कॉलेज हैं।
इनमें करीब 50 हजार से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। सोमवार से शर्तों के साथ डिग्री कॉलेज खुलेंगे। कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य रूप से कॉलेज में करनी होगी। इसके निर्देश विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. अनिल कुमार यादव ने दिए हैं।