पानी भरे गड्ढे में डूबीं मासूम बहनें। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
पुखरायां। रुरगांव के पास स्थित भट्ठे में ईंट पथाई के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबकर गुरुवार की शाम दो सगी बहनों की मौत हो गई। हादसे के समय मासूमों के माता-पिता ईंट निकासी के काम में लगे थे।
शाम को अन्य मजदूरों ने दोनों बहनों के शव पानी में उतराते देखे तो परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर थाना पंचपेड़ी के गुरदी खुर्द गांव निवासी पंकज ने बताया कि वह सट्टी थाना क्षेत्र के रुरगांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता है। भट्ठे में ईंट पथाई के लिए करीब तीन फिट का गड्ढा खोदकर उसमें ट्यूबवेल से पानी भरा गया था।
गुरुवार शाम ईंट निकासी का काम चल रहा था। इसमें वह पत्नी रमदिशा के साथ ईंटों की निकासी करा रहा था। इस दौरान उसकी पुत्रियां आयशा (5) और आरुषी (2) भट्ठे में ही खेल रही थीं।
देर शाम काम के बाद जब उसके साथी मजदूर अपनी झोपड़ी की ओर गए तो दोनों बेटियों को पानी भरे गड्ढे में पड़ा देखा। इस पर बेटियों को निकाल कर घटना की जानकारी उसे दी।
आनन फानन दोनों को इलाज के लिए सीएचसी पुखरायां लाया गया, जहां डॉ. आरती ने उनको मृत घोषित कर दिया। वहीं अस्पताल से ही संबंधित थाने में सूचना दी गई। बेटियों की मौत पर माता-पिता बिलखते रहे।
उधर, शुक्रवार की सुबह सट्टी थाने की पुलिस ने मासूमों के शवों का पंचनामा भराकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि सूचना के आधार पर जांच की जा रही है। मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।