जिला अस्पताल में खुद कोविड की जांच के लिए सैंपल लेती महिला। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जनपद में दो दिनों से कोरोना संक्रमण की रफ्तार कुछ थमी है। मंगलवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 20 और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी में सामान्य लक्षण होने की वजह से उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
जनपद में सोमवार को 651 लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 26 लोग संक्रमित मिले थे। वहीं, मंगलवार को 990 लोगों की आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 20 लोग संक्रमित पाये गये हैं।
यह निवादा, रसूलाबाद, अमरौधा, शिवली, सरवनखेड़ा, अकबरपुर, डेरापुर सहित अन्य जगहों पर रहने वाले हैं। सभी में सर्दी और जुकाम के लक्षण पाए जाने पर उन्हें कोरोना किट देकर होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
जिला अस्पताल में मरीज खुद कर रहे जांच
जिला अस्पताल की इमरजेंसी और ओपीडी में आने वाले मरीजों की कोविड जांच कराई जा रही है। मंगलवार को इमरजेंसी के पास कोविड जांच शिविर में स्वास्थ्य कर्मी ने एक महिला को किट दे दी। इस पर महिला ने खुद ही सैंपल लेकर स्वास्थ्य कर्मी को दिया।