रूरा थाना क्षेत्र में कपड़े फैलाते समय करंट की चपेट में आकर दूध विक्रेता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, औरैया से आए ससुरालियों ने हंगामा कर सही से जांच कराने की मांग की।
कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के गहोलिया गांव में टीन में बंधे तार में उतरे करंट की चपेट में आने से दूध विक्रेता की मौत हो गई। गहोलिया गांव निवासी किसान विनोद तिवारी का बेटा प्रदीप (28) खेती के साथ दूध बिक्री का काम करता था।
विज्ञापन
शनिवार दोपहर घर की दूसरी मंजिल में कपड़े धोने के बाद उन्हें टीन के सहारे बंधे लोहे के तार में फैलाने गया था। इस दौरान तार में करंट उतरने से वह चपेट में आ गया। इससे वह बेसुध होकर जमीन में गिर पड़ा। यह देख उसकी दादी सुमित्रा उसे बचाने के लिए पहुंची।
इससे उन्हें भी करंट लग गया। इसके बाद परिजनों ने टीन के पास से गुजरे केबल को हटाकर प्रदीप को अकबरपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर चौकी प्रभारी मनजीत दयाल ने जांच की।