सिकंदरा के डुबकी गांव में चोरी के बाद खुली अलमारी व बिखरा सामान। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
मुंगीसापुर। सिकंदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डुबकी गांव में रविवार रात चोरों ने पशु बाजार मालिक के घर के पीछे की दीवार की ईंटे हटाकर नकदी व जेवर समेत चार लाख से अधिक का माल पार दिया। वहीं डेरापुर थाना क्षेत्र में मुंगीसापुर नई बस्ती में एक घर से बाइक व दूसरे घर से नकदी व जेवर समेत सवा लाख से अधिक का माल ले गए।
डुबकी गांव निवासी अशोक कटियार मुंगीसापुर पशुबाजार मालिक हैं। उनका गांव में कुुंज बिहारी लाल मेमोरियल महाविद्यालय है। नये सिर से निर्माण के लिए घर के पीछे की तरफ बने पुराने कमरों को उन्होंने कुछ दिन पहले ही तोड़वा दिया था। बरामदे को ईंटें रखकर बंद कर दिया था। रविवार रात अशोक, पत्नी आशा देवी आगे के कमरे में सो गए। बेटा सनी कानपुर गया था।
दूसरे कमरे में छोटा भाई मनोज सोया था। देर रात चोर बरामदे को बंद करने के लिए लगाई गई ईंटे हटाकर घर में दाखिल हो गए। दरवाजे की कुंडी तोड़कर आलमारी का लॉकर तोड़ा 2.10 लाख नकद व सोने चांदी के करीब दो लाख के जेवर पार कर दिया। सोमवार सुबह पत्नी ने दरवाजा खोला चाहा तो वह बाहर से बंद मिला।
इसके बाद पीछे के रास्ते से जाकर देखा तो ईंटे हटी थी और कमरे में सामान अस्त व्यस्त मिला। सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। रसधान चौकी इंचार्ज प्रभात सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है।
वहीं डेरापुर थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर कस्बे में नई बस्ती निवासी रामबाबू संखवार के घर की कुंडी तोड़कर रात में चोर बाइक पार कर ले गए। सुबह जानकारी हुई। जबकि जगदीश सचान के घर घुसे चोर आलमारी का ताला तोड़कर चार हजार नकद व करीब सवा लाख का जेवर पार कर ले गए। दोनों ने डेरापुर पुलिस को तहरीर दी है। मुंगीसापुर चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।