रनियां। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के उमरन ढाबा के पास रविवार को बाइक सवार पीछे से ट्राला में टकरा गए। हादसे में बाइक सवार कैंट लखनऊ निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई घायल हो गया। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन उसे लेकर लखनऊ रवाना हो गए।
लखनऊ के लकड़ी मोहाल कैंट निवासी अंजली (21) फुफेरे भाई पनकी कानपुर के अर्पित कठेरिया के साथ रविवार को रूरा स्थित एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने जा रही थी। उमरन ढाबा के पास आगे चल रहे ट्राला के चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया।
इससे अर्पित की बाइक पीछे से ट्राला में टकरा गई। हादसे में अंजली व अर्पित घायल हो गए। घटना की जानकारी पर एनएचएआई एंबुलेंस प्रभारी विनीत यादव ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. श्रीप्रकाश ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने ट्राला रोक कर चालक को पकड़ लिया। वहीं, ट्राला को बारा चौकी में खड़ा कराने के बाद पुलिस चालक को कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।