कानपुर में पनकी की रतनपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक सपा कार्यकर्ता समेत तीन पर नामजद व चार अज्ञात पर हत्या, बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी शराब पीने के लिए पांच सौ रुपये की मांग कर रहे थे पैसे न देने पर हत्या कर दी। एलआईजी रतनपुर कॉलोनी निवासी शिवानंद तिवारी के मुताबिक उनका बेटा अजय उर्फ दीपू (38) भाजपा का कार्यकर्ता था और प्रॉपर्टी का भी काम करता था।
दशहरा मेला देखने के लिए वह शुक्रवार शाम घर से निकला था। रात करीब साढ़े दस बजे रतनपुर चौकी से करीब सौ मीटर की दूरी पर केसा चौराहे के पास इलाकाई निवासी धर्मेंद्र सिंह व उसके साथियों ने अजय को रोका और शराब के लिए 500 रुपये मांगे।
मना करने पर पीटने लगे। सिर पर लोहे की रॉड मारी और बाइक से उठाकर अपने घर ले गए, जहां उसकी पिटाई की। फिर मरणासन्न हालत में कटियार चौराहे के पास छोड़ भागे।
परिजन उसे हैलट ले गए जहां अजय की मौत हो गई। मोर्चरी पहुंचीं राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस अफसरों से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस ने शिवानंद की तहरीर पर धर्मेंद्र सिंह और उसके साथी दीपू भदौरिया, सुनील चतुर्वेदी व चार अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा और हत्या की धारा में केस दर्ज किया है। डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई हैं।
मिन्नतें करता रहा अजय, आरोपी पीटते रहे
घटना के वक्त अजय के साथ उसका दोस्त सुनील कुमार भी था। सुनील ने बताया कि बीच चौराहे पर आरोपियों ने अजय को पीटा। उसने खुद भागकर जान बचाई। सुनील ने बताया कि अजय आरोपियों से मिन्नतें कर रहा था कि उसको छोड़ दो लेकिन आरोपियों ने पीटना बंद नहीं किया।