ईटो। घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही चार वर्षीय मासूम बच्ची पास बने कुएं में धक्का लगने से गिर गई। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से बच्ची को बाहर निकलवाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम हमीदपुरा निवासी शिवकुमार की चार वर्षीय पुत्री सोनाक्षी सोमवार की दोपहर घर के बाहर बने कुएं के पास बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी किसी बच्चे का धक्का लग जाने से वह कुएं में गिर गई। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से डूबी बच्ची को बाहर निकलवाया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि सोनाक्षी दो बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटी थी। पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं।