यूपी के जालौन जिले में हाईस्कूल के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्र मां की डांट से नाराज होकर घर से निकला था। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जालौन जिले के आटा में मां की डांट से क्षुब्ध होकर हाईस्कूल के छात्र ने जानवरों वाले बाड़े में जाकर बल्ली में रस्सी का फंदा डालकर जान दे दी। मां उसको खोजते हुए जब बाड़े में पहुंची तो बेटे के शव को लटकते देख चीख पड़ी। आवाज सुन आसपड़ोस के लोग भी पहुंच गए। परिजनों ने अभी तक पुलिस को सूचना नहीं दी है।
विज्ञापन
सोमवार देर रात आटा थाना क्षेत्र के भदरेखी निवासी कमलेश प्रजापति के 16 वर्षीय पुत्र आशीष ने मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से दो सौ मीटर दूरी पर स्थित जानवरों के बाड़े में जाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि आशीष की मां ने उसे किसी बात को लेकर शाम को डांटा था। तभी वह घर से निकल गया।
परिजनों ने खोजबीन की मगर उसका कुछ पता नहीं चला तब मां जानवरों के बाड़े में उसको तलाशते हुए पहुंची। तभी उनको बेटे का शव बल्ली में लटकता मिला। यह देख मां की चीख निकल गई, आवाज सुन आसपड़ोस के लोग भी पहुंच गए। आशीष आटा के बीएमटी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। पिता बांदा के कबरई में रहकर नौकरी करते हैं।