कानपुर। प्रशासन की सख्ती के बाद भी अवैध रिफिलिंग चालू है। पूर्ति विभाग की टीम ने अशोकनगर स्थित एक दुकान में छापा मारा तो तीन कामर्शियल गैस सिलेंडर पकड़े। दुकानदार ने बताया कि गैस एजेंसी के संचालक ने 3500 रुपये प्रति सिलिंडर दिया है। अब सवाल उठता है कि काॅमर्शियल सिलिंडर पर रोक है तो इनकी बिक्री कैसे हो रही है। इसका मतलब साफ है कि अवैध रूप से रिफिलिंग हो रही है। इसी तरह काकादेव क्षेत्र में गुमटी में घरेलू सिलिंडरों से अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। टीम ने दोनों स्थानों से तीन कामर्शियल सिलिंडर, नौ खाली और एक भरा सिलिंडर बरामद किया।
पूर्ति विभाग की टीम गुरुवार को अशोक नगर स्थित एक होटल पहुंची। यहां काॅमर्शियल सिलिंडर से वेज बिरयानी और वेज कवाब पराठा बनाया जा रहा था। तीन काॅमर्शियल सिलिंडर बरामद हुए। होटल संचालक अशरफ अली ने बताया कि अशोक नगर स्थित एसबी गैस एजेंसी संचालक सचिन मिश्रा ने 3500 रुपये के हिसाब से दो सिलिंडर दिए जब कि एक सिलेंडर का दाम 1905 रुपये है। इसके बाद टीम ने काकादेव क्षेत्र के तुलसीनगर रोड पर एक गुमटी से राम विहार निवासी समर को घरेलू सिलिंडर से अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। यहां एक इलेक्टि्रक कांटा, नौ खाली सिलिंडर, एक भरा सिलिंडर और गैस रिफिलिंग रेगुलेटर और पतली पाइप बरामद की। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
ईरान, इस्राइल और अमेरिका युद्ध के चलते गैस संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच कालाबाजारी भी हो रही है। अभी तक 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। इसमें ज्यादातर दुकानदार के खिलाफ ही कार्रवाई हुई है। किसी एजेंसी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।