कानपुर आईआईटी अब छात्रों के साथ-साथ अब नौकरीपेशा लोगों को भी प्रशिक्षित करेगा। संस्थान ने चार ई मास्टर कोर्स शुरू किए हैं। बुधवार को निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने वर्चुअल प्रेसवार्ता करके कोर्सों की जानकारी दी।
साइबर सिक्योरिटी, कम्युनिकेशन सिस्टम, कमोडिटी मार्केट्स एंड रिस्क मैनेजमेंट और पॉवर सेक्टर रेग्यूलेशंस, इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रो. करंदीकर ने बताया कि इन कोर्सों से उद्योग कर्मियों, नौकरीपेशा लोगों के कौशल और ज्ञान में वृद्धि हो सकेगी।
हर पाठ्यक्रम में 60 क्रेडिट और 12 मॉड्यूल होंगे। दाखिले के लिए स्नातक में 55 प्रतिशत अंक और कम से कम दो साल तक काम करने का अनुभव होना चाहिए। एक से तीन साल की अवधि में कोर्स पूरा करना होगा। एक साल में कोर्स पूरा करने वाले को आठ लाख रुपये फीस देनी होगी।
पहले साल दाखिला लेने वाले छात्रों को फीस में दो लाख रुपये की छूट दी जाएगी। दाखिला लेने वाले वर्किंग प्रोफेशनल्स को ऑनलाइन क्लास और 15 दिन कैंपस विजिट कराया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट emasters.iitk.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन कक्षाएं एक जनवरी 2022 से शुरू होंगी। प्रेसवार्ता में प्रो. एस गणेश, प्रो. बीवी फणी, प्रो. अमेय करकरे आदि मौजूद रहे।