कानपुर देहात। आयुष्मान योजना से संबद्ध सरकारी व प्राइवेट अस्पताल लाभार्थी को भर्ती कर बेहतर उपचार की सुविधा देंगे। अगर कहीं से भी मरीज को भर्ती न करने की शिकायत मिलती है तो उसे जेल भेजा जाएगा।
यह बातें डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहीं। वहीं अकबरपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थियों का इलाज न करने की शिकायत पर कड़ी नाराजगी जताई और हिदायत दी।
डीएम जेपी सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक संबद्ध अस्पतालों में निशुल्क दिए जाने की व्यवस्था है। आयुष्मान योजना में जिले के 13 सरकारी व 10 प्राइवेट अस्पताल संबद्ध हैं। जबकि योजना के दायरे में 152113 परिवार शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक 1880 लाभार्थियों ने आयुष्मान योजना से लाभ लिया है। जबकि कानपुर देहात के 5802 लाभार्थियों ने प्रदेश के अन्य जनपद में उपचार की सुविधा ली है।
बैठक में जानकारी दी गई कि अकबरपुर के राजावत हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज नहीं किया जा रहा है। जिसपर डीएम ने कहा कि अगर अस्पताल संचालक दोबारा गलती करते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सरकारी अस्पतालों को प्रतिमाह 100 व प्राइवेट चिकित्सालयों को 200 आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद डीएम ने विशाल कुमार, बबली देवी, कमलेश, सोनू गौतम, संध्या, पुष्पा देवी, पुष्पेंद्र, पूजा देवी, खुशबू सहित अन्य लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड दिए।
वहीं बेहतर कार्य पर गौरी हॉस्पिटल के डॉ. संजय त्रिपाठी, आयुष्मान मित्र रेशमा बेगम को सम्मानित किया। इस दौरान सीडीऔ सौम्या पांडेय, सीएमओ डॉ. एके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।