उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से भाजपा सांसद साक्षी महाराज अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। इस बार उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी है। गदनखेड़ा स्थित अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए सांसद साक्षी महाराज ने ज्ञानवापी, ताजमहल, कुतुबमीनार, मथुरा, महंगाई आदि विषयों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी तो ज्ञान के प्रदाता भगवान शिव का स्थान है। साथ ही, ओवैसी और कांग्रेस पर भी कटाक्ष किए।
राममंदिर के बाद अब क्या काशी में ज्ञानवापी की बारी है। इस सवाल पर सांसद ने कहा कि ज्ञानवापी शब्द कुरान और इस्लाम में कहीं जगह नहीं पाता है। ज्ञानवापी का अर्थ है ज्ञान का सरोवर। इससे स्पष्ट है कि वह स्थान ज्ञान के प्रदाता भगवान शिव का है। उन्होंने कहा कि ताजमहल और कुतुबमीनार की बात अलग है, लेकिन मथुरा में जो श्रीकृष्ण की जन्मस्थली है। उसे आक्रांताओं ने तुड़वाकर वहां ईदगाह बनाई है, जिसका मामला कोर्ट में है।