इटावा। नियमों के साथ बहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे से एक सप्ताह सफारी पार्क फिर पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। यहां आने वाले पर्यटकों को सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा। पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश मिल सकेगा।
एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू के अलर्ट के चलते प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव ने इटावा सफारी पार्क पर्यटकों के लिए 14 मई से 28 मई तक बंद करने का निर्देश दिया था। सफारी क्षेत्र में 15 दिन में वन कर्मियों की ओर से किए गहन निरीक्षण, सेनेटाइजेशन एवं यहां वास कर रहे सभी वन्यजीवों के स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए सफारी गुरुवार से सुबह 06:30 बजे से खोलने का निर्णय लिया गया है।
डिप्टी डायरेक्टर डॉ. विनय कुमार ने बताया कि प्रवेश द्वार पर पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। प्रवेश द्वार पर ही पर्यटकों की गाड़ियों के टायर धुलवाए जाएंगे। पैदल आने वाले पर्यटकों के जूते-चप्पल धुलवाने के बाद ही उन्हें प्रवेश कराया जाएगा। सफारी वाहन के अंदर किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पकड़े जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।