सहायक आचार्य डॉ.विकास मिश्रा। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर महाविद्यालय के बीएड विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विकास मिश्रा को नवोन्मेषी एवं परंपरागत पद्धतियों से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 फरवरी को विज्ञान दिवस पर दिल्ली में उन्हें सम्मानित करेंगे। उन्हें प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और दो लाख रुपये का चेक दिया जाएगा। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की संस्था राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से हर वर्ष बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाता है।
वर्ष 2021 के लिए डॉ. विकास मिश्रा के साथ ही चंडीगढ़ के डॉ. सुमन मोर व उत्तर प्रदेश के ही डॉ. संतोष कुमार सिंह को भी चुना गया है। संस्था की श्रेणी में उत्तर प्रदेश की नेशनल एसोसिएशन फॉर वॉलंटियरी इनीशिएटिव एंड कोऑपरेशन (एनएवीआईसी) को यह सम्मान दिया जाएगा है।
डॉ. विकास मिश्रा की उपलब्धि पर विज्ञान प्रसार के निदेशक डॉ. नकुल पाराशर, विज्ञान प्रगति के सह-संपादक डॉ. मनीष मोहन गोरे, राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के पूर्व निदेशक एवं भारतीय विज्ञान लेखक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पटैरिया, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, अकबरपुर महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. अखिलेश चंद्र पांडेय आदि ने बधाई दी है।